छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2025 के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग ने प्रारंभिक (Prelims) और मुख्य (Mains) परीक्षा की संभावित तिथियों के साथ-साथ ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी घोषित कर दी है।
आयोग के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जबकि मुख्य परीक्षा 16 से 19 मई 2026 के बीच प्रस्तावित है। इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न विभागों में कुल 238 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन 1 दिसंबर से 30 दिसंबर तक
आवेदक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 1 दिसंबर 2025 दोपहर 12 बजे से 30 दिसंबर 2025 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। मैनुअल या डाक द्वारा भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
त्रुटि सुधार की सुविधा भी उपलब्ध
- नि:शुल्क त्रुटि सुधार: 31 दिसंबर से 2 जनवरी 2026
- शुल्कयुक्त त्रुटि सुधार: 3 से 5 जनवरी 2026
(इस दौरान केवल लिंग, जन्मतिथि, वर्ग, मूल निवास एवं निशक्तजन संबंधित जानकारी की संशोधन अनुमति होगी।)
प्रारंभिक परीक्षा केंद्र
राज्य भर के 33 जिलों में परीक्षाएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कोरबा, जशपुर, गरियाबंद आदि शामिल हैं।
शैक्षिक योग्यता व आयु सीमा
उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि होना अनिवार्य है।
आयु सीमा—
- सामान्य श्रेणी: 21 से 30 वर्ष
- छत्तीसगढ़ के स्थानीय उम्मीदवारों को अधिकतम आयु में अधिकतम 5 वर्ष की छूट
- विभिन्न आरक्षित वर्गों व विशेष परिस्थितियों में अतिरिक्त छूट भी देय
प्रमुख पद
अधिसूचना के अनुसार जिन प्रमुख पदों पर भर्ती की जाएगी, उनमें शामिल हैं—
- राज्य प्रशासनिक सेवा (Deputy Collector)
- राज्य पुलिस सेवा (DSP)
- नायब तहसीलदार
- वाणिज्यिक कर अधिकारी
- सहायक संचालक (महिला एवं बाल विकास)
- सहायक जेल अधीक्षक
- रोजगार अधिकारी
- अन्य विभागों के कुल 238 पद
आयोग ने उम्मीदवारों से आग्रह किया है कि आवेदन भरने से पहले विस्तृत विज्ञापन एवं नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।
















